बिलासपुर में मनरेगा बचाव संग्राम के तहत 18 फरवरी को जिला स्तरीय कलेक्टोरेट घेराव किया जाएगा। इसे लेकर कांग्रेस भवन में ब्लॉक और मंडल अध्यक्षों की बैठक हुई। जिसमें शहर और ग्रामीण अध्यक्ष ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों को कम से कम 200 की भीड़ लेकर आने का टारगेट दिया है। दरअसल, कलेक्ट्रेट घेराव और प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव की मौजूदगी में शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी है। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री मौजूद रहे। उन्होंने बैठक में प्रत्येक ब्लॉक अध्यक्ष को कम से कम 200 लोगों को घेराव में लाने का लक्ष्य दिया है। जिले में कुल 15 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां हैं। इनमें शहर अध्यक्ष के अंतर्गत चार और ग्रामीण अध्यक्ष के अंतर्गत 11 ब्लॉक कमेटियां आती हैं। संगठन की ओर से कलेक्ट्रेट घेराव में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति दिखाने कहा है। सिद्धांशु मिश्रा ने कहा-जिला स्तरीय प्रदर्शन में एकजुटता जरूरी शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि, कांग्रेस केंद्र सरकार की तरफ से मनरेगा का नाम बदले जाने और इसे एक्ट बनाए जाने के विरोध में आंदोलन कर रही है। इससे पहले ब्लॉक स्तर पर घेराव और प्रदर्शन किए जा चुके हैं। अब 18 फरवरी को जिला स्तर पर कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस आंदोलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के शामिल होने की जानकारी दी गई है। एआईसीसी के राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव के भी आने की चर्चा है। ऐसे में जिला स्तरीय आयोजन में कार्यकर्ताओं की एकजूटता और भीड़ जरूरी है। पहले टला था जिला स्तरीय घेराव मनरेगा बचाव संग्राम के तहत जिला स्तरीय घेराव पहले प्रस्तावित था, लेकिन संगठन अध्यक्षों के दिल्ली दौरे और अन्य कारणों से कार्यक्रम नहीं हो सका। अब 18 फरवरी को घेराव तय किया गया है। ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने बताया कि 20 फरवरी से पहले घेराव करने का निर्देश पीसीसी से मिला था। उसी के तहत 18 फरवरी को कार्यक्रम रखा गया है। इस बैठक में संतोष गर्ग, तजमल हक़, हितेश देवांगन, साकेश मिश्रा,गीतांजलि कौशिक, लक्ष्मीनाथ साहू, अरुण त्रिवेदी सुभाष अग्रवाल, अभ्युदय तिवारी,शैलेन्द्र निर्मलकर,बंटी बैसवाड़े,अश्वनी उद्देश्य,व पंकज सिंह, सुभाष ठाकुर,धनंजय ठाकुर,गौरव दुबे,बिहारी देवांगन,सीमा घृतेश,गौरव एरी,डॉ राहुल समेत पार्षद, पार्षद का चुनाव लड़ चुके नेता और एनएसयूआई के पदाधिकारी भी मौजूद थे।


