संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) मुख्यालय (नई दिल्ली) में एक दिवसीय जिलाध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर हुआ। शिविर में सवाई माधोपुर के बामनवास से विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंदिरा मीणा ने भी हिस्सा लिया। इस शिविर का उद्देश्य जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना और कार्यकर्ताओं को एकजुट कर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना रहा। इस प्रशिक्षण शिविर में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली विशेष रूप से मौजूद रहे। संगठन को मजबूती देने के लिए शिविर इस शिविर में गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली के मार्गदर्शन में राजस्थान के सभी जिलों के कांग्रेस जिलाध्यक्षों ने भाग लिया। शिविर में सवाई माधोपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष इंदिरा मीणा ने सक्रिय सहभागिता निभाई। शिविर में संगठन की वर्तमान स्थिति, आगामी चुनावों की रणनीति, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने तथा आम जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाने पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश नेतृत्व ने जिलाध्यक्षों से आह्वान किया कि वे कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें और कांग्रेस की विचारधारा को गांव-ढाणी तक पहुंचाएं। डोटासरा बोले-पार्टी संविधान की रक्षा के लिए संघर्षरत प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कैंप में कहा- कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है और संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने जिलाध्यक्षों को जमीनी मुद्दों पर सक्रिय रहते हुए जनहित की लड़ाई को और तेज करने का संदेश दिया। कांग्रेस मीडिया प्रभारी अमन खान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविरों से संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा और कांग्रेस पार्टी आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार रहेगी।


