भरतपुर में शनिवार को विधायक रोहित बोहरा, टोडाभीम विधायक घनश्याम महर ने भाजपा सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल को ना कामयाबी का वर्ष बताया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी कर कई सवाल उठाये। कांग्रेसी नेताओं ने पेट्रोल-डीजल, बिजली, खाद महिला सुरक्षा को लेकर बीजेपी पर कई आरोप लगाए। विधायक रोहित बोहरा और संगठन प्रभारी टोडाभीम विधायक घनश्याम महर ने कहा कि एक साल के बीजेपी सरकार कार्यकाल में जनता त्रस्त हो चुकी है। बीजेपी सरकार ने चुनाव से पूर्व किसान, मजदूर, महिलाओं, युवाओं व कर्मचारियों से जो बड़े वादे किए थे, उनको पूरा नहीं किया है। एक वर्ष पहले राजस्थान का हेल्थ मॉडल पूरे देश के लिए आदर्श था लेकिन, बीते एक साल में राजस्थान के सरकारी अस्पतालों की स्थिति खराब हुई है। RGHS में आने वाले मरीजों को इलाज के लिए घंटों इंतजार करना पड रहा है। पूर्व कांग्रेस सरकार की योजनाओं को या तो बंद कर दिया गया या फिर उनके नाम बदल दिए गए। एक साल का कार्यकाल पूरा होने के बावजूद सरकार ने अपनी 100 दिन की कार्य योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने प्रस्तुत नहीं किया। चुनाव से पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल-डीजल की कीमत यूपी गुजरात के समान करने की बात कही थी लेकिन, अभी भी राजस्थान और यूपी की कीमतों में भारी अंतर है। पिछले एक साल में चाहे घरेलू बिजली हो या कृषि बिजली हो दोनों की स्थिति खराब हो चुकी है। अगर किसी किसान का ट्रांसफार्मर जल जाए तो महीनों तक नहीं बदलता है। किसानों को न तो डीएपी मिल रही है ना यूरिया मिल रहा है। भाजपा के द्वारा वादा किया गया था कि, हर साल एक लाख युवाओं को नौकरी देंगे लेकिन, सरकार के द्वारा वादा नहीं निभाया गया। सफाई कर्मचारियों की भर्ती भी रद्द कर दी गई। शुरुआत में वाहवाही लूटने के लिए पेपर लीक का मुद्दा उठाया कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया लेकिन, अब सभी लोग जेल से छूटते जा रहे हैं। नए जिलों पर सरकार के 6 महीने के कामों पर कमेटी बना दी लेकिन, इन कमेटियों की भी कोई रिपोर्ट नहीं आई।


