मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। सिंधिया के सामने कमलनाथ के काम का गुणगान
अशोकनगर जिले की चंदेरी विधानसभा से भाजपा विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का गुणगान कर दिया। उन्होंने कमलनाथ का उदाहरण देते हुए दिल्ली तक एक ट्रेन चलाने की मांग रखी। विधायक का यह बयान अब खासा चर्चा में है। विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी ने कहा- महाराज साहब, कमलनाथ भी केंद्रीय मंत्री रहे हैं। उन्होंने अपने क्षेत्र के लोगों के लिए छिंदवाड़ा से दिल्ली तक एक ट्रेन चलवाई थी। उन्होंने आगे कहा- महाराज साहब, यह संसदीय क्षेत्र आपका है। चाहे ट्रेन मुंगावली से शुरू हो या अशोकनगर से, वाया गुना-शिवपुरी होते हुए दिल्ली जाए। एक ट्रेन अगर अशोकनगर के लिए दे दी जाए, तो यह बहुत बड़ी सौगात होगी। विधायक के इस बयान पर सभास्थल पर जमकर तालियां बजीं। हालांकि, इस मांग पर ज्योतिरादित्य सिंधिया की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। अब लोग कह रहे हैं कि महाराज के करीबी ने उन्हीं के सामने कमलनाथ के नंबर बढ़ा दिए। दूसरी ओर, कमलनाथ समर्थक इस बयान को सोशल मीडिया पर जमकर वायरल कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि कमलनाथ मॉडल ही बेहतर है। बच्चों की तरह फूट-फूटकर रोने लगे कांग्रेस नेता
रीवा में उस वक्त बीच बाजार तमाशा खड़ा हो गया, जब कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मनीष गुप्ता भावुक होकर बच्चों की तरह बिलख पड़े। वे अपने साथियों के गले लगकर फूट-फूटकर रोने लगे। उन्होंने अपने कपड़े भी उतार दिए। दरअसल, कांग्रेस नेता हर साल की तरह इस बार भी महाशिवरात्रि पर शिव बारात का आयोजन कर रहे हैं। इसके लिए शहरभर में बैनर-पोस्टर लगाए गए थे, जिन्हें नगर निगम ने यह कहकर हटवा दिया कि इसकी अनुमति नहीं ली गई। नगर निगम की इस कार्रवाई से कांग्रेस नेता नाराज हो गए और विरोध में बीच बाजार प्रदर्शन करने लगे। खास बात यह रही कि यह पूरा मामला तब सामने आया, जब रीवा नगर निगम में कांग्रेस की ही सरकार है। ऐसे में भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। हालांकि, बाद में महापौर ने माफी मांग ली, लेकिन तब तक यह मामला कांग्रेस की किरकिरी करा चुका था। कैबिनेट बैठक में नहीं दिखे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
भोपाल में मंगलवार को हुई मोहन कैबिनेट की बैठक में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय नजर नहीं आए। उनकी गैरमौजूदगी को लेकर अब सियासी गलियारों में चर्चा गरमा गई है। इससे पहले भी मंत्री विजयवर्गीय गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में दिखाई नहीं दिए थे। वे लंबे अवकाश पर रहे और इस दौरान संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात की, साथ ही दिल्ली के दौरे भी किए। अब राजनीतिक हलकों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि आखिर माजरा क्या है? कोई न कोई खिचड़ी जरूर पक रही है। अब पब्लिक है, कयास तो लगाएगी ही। केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक ने दिखाया टैलेंट
टीकमगढ़ से सांसद और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक ने एक बार फिर अपना हुनर दिखाया है। वे माउथ ऑर्गन पर शानदार धुन बजाते नजर आए। इस वीडियो को उन्होंने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है। वीडियो में केंद्रीय मंत्री अपने नाती को माउथ ऑर्गन पर ‘लकड़ी की काठी, काठी पे घोड़ा…’ गाने की धुन सुनाते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो लोगों को खूब पसंद आ रहा है और हर कोई मंत्री के इस टैलेंट की जमकर तारीफ कर रहा है। इनपुट सहयोग – बृजेन्द्र मिश्रा (भोपाल), संजीव यादव (अशोक नगर), शैलेन्द्र द्विवेदी (टीकमगढ़), अभिलाष मिश्रा (रीवा) ये भी पढ़ें –
धीरेंद्र शास्त्री के लिए ‘शादी वाला गाना’: शिवराज का क्रिकेट- जडेजा की बॉल पर लगाया शॉट एक नन्हे बुंदेली गायक ने भी पंडित धीरेंद्र शास्त्री को शादी के लिए छेड़ दिया। सागर जिले के गढ़ाकोटा निवासी रोशन पटेल नाम के बच्चे ने तंबूरा बजाते हुए पंडित धीरेंद्र शास्त्री के सामने बुंदेली गीत ‘नन्ना मोरो ब्याह करा दे रे… चाहे मिले उड़ीसा वारी…’ गाकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। पूरी खबर पढ़ें


