कोरिया जिले में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। क्रमांक 03 से निर्दलीय जिला पंचायत सदस्य के रूप में जीत हासिल करने वाली संगीता सोनवानी ने भाजपा की सदस्यता ले ली है। भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने उन्हें शॉल पहनाकर पार्टी में शामिल किया। संगीता सोनवानी कांग्रेस की महिला ग्रामीण जिलाध्यक्ष रह चुकी हैं। उन्होंने पंच और सरपंच के बाद दूसरी बार जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीता है। उनका अपने क्षेत्र में मजबूत जनाधार है। कांग्रेस ने संगीता को चुनाव में नहीं दिया टिकट कांग्रेस ने संगीता को चुनाव में टिकट देने से इनकार कर दिया था। पार्टी ने उनके प्रचार में लगे कांग्रेस नेताओं के फोटो वाले बैनर को भी हटवा दिया था। संगीता ने कहा कि वह बिना किसी शर्त के भाजपा में शामिल हुई हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी के नेतृत्व में पार्टी लगातार सफलता हासिल कर रही है। पटना नगर पालिका के अलावा जिला पंचायत और जनपद में भी भाजपा बहुमत के करीब है। सोनहत जनपद में तो भाजपा को पूर्ण बहुमत मिल गया है। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष शैलेष शिवहरे, मंडल अध्यक्ष अनिल खटीक समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।


