प्रदेश में भाजपा सरकार के एक साल को कांग्रेस ने पूरी तरह से फेल बताया है। रविवार को जोधपुर के सरदारपुरा स्थित एक होटल में कांग्रेस पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने कहा प्रदेश में आज किसान DAP, बिजली के लिए तरस रहा है। पिछले एक साल में 23 प्रतिशत तक क्राइम बढ़ गया है। आज पीड़ित आदमी को मुकदमा दर्ज करवाने के लिए कोर्ट के जरिए मामले दर्ज करवाने पड़ रहे हैं। आंकड़े कम करने के लिए अघोषित रोक बीजेपी सरकार ने थानों में लगा रखी है। किसानों के साथ छलावा किसान निधि को लेकर कहा कि बीजेपी ने किसानों को भ्रमित करने का काम किया। किसानों को सम्मान निधि के नाम पर छलावा किया गया। बीजेपी ने 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा किया था जिसे पूरा नहीं किया गया। चिकित्सा में राजस्थान देश में मॉडल प्रदेश था, जिसमें 25 लाख तक का इलाज चिरंजीवी योजना के तहत मुफ्त था। जिसकी उस समय पीएम ने भी तारीफ की थी। सरकार बदलने के साथ ही बीजेपी ने बीमा को पांच लाख तक का कर दिया है। आज इसमें केवल 20 प्रतिशत लोग ही कवर हो रहे हैं। जबकि पूर्व में 87 प्रतिशत लोग कवर हो रहे थे। उन्होंने राइजिंग राजस्थान को लेकर कहा कि करोड़ों रुपए खर्च कर दिए गए। पेड़ पौधे लगाने, कॉलेज के गेट लगाने का भी mou किया जा रहा है। राइजिंग राजस्थान में अव्यवस्थाओं का आलम रहा।


