बड़वानी में भाजपा कार्यालय में बुधवार को हुई बैठक में पार्टी नेताओं ने कांग्रेस पर संविधान के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया। जिला निर्वाचन अधिकारी श्याम बंसल ने कहा कि कांग्रेस नेता जेब में संविधान रखकर भाजपा पर झूठे आरोप लगा रहे हैं, जबकि इतिहास गवाह है कि संविधान का सबसे ज्यादा दुरुपयोग कांग्रेस ने किया। बंसल ने कहा कि इंदिरा गांधी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के बाद आपातकाल लगाकर लाखों देशभक्तों को जेल में डाला। पंडित नेहरू ने कई रियासतों का भारत में विलय रोका और कश्मीर में धारा 370 लगाई, जिसे मोदी सरकार ने हटाया। उन्होंने कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर भी सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस जीत पर ईवीएम पर सवाल नहीं उठाती, लेकिन हार पर ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे संविधान गौरव दिवस पर कांग्रेस की इन कार्रवाईयों को जनता के सामने रखें। कार्यक्रम जिला अध्यक्ष कमलनयन इंगले की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें संगठन पर्व 2024 के समापन और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण से हुई। बीजेपी जिला अध्यक्ष कमलनयन इंगले ने कहा कि संगठन से प्राप्त सभी कार्यों को हम सभी को मिलकर प्रमुखता से करना है। बीते तीन महीने से चल रहे संगठन पर्व 2024 का सफलतापूर्वक समापन हो रहा है, जो प्रत्येक कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्षों का स्वागत बैठक में अतिथियों ने नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्षों का भाजपा के अंगवस्त्र से स्वागत किया गया। इस दौरान जिला सहनिर्वाचन अधिकारी ओमप्रकाश खंडेलवाल, अजय यादव, महामंत्री विक्रम चौहान मंचासीन रहे। बैठक में नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रतिनिधि और आपेक्षित श्रेणी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


