कांग्रेस विधायकों का 2 दिन से सदन में धरना जारी:मंत्रियों के साथ वार्ता में नहीं बनी सहमति; सीकर में पुलिस से भिड़े कांग्रेस कार्यकर्ता

राजस्थान में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत छह कांग्रेस विधायकों को सस्पेंड करने के बाद गतिरोध बढ़ गया है। कांग्रेस विधायकों का 2 दिन से सदन में धरना जारी है। शनिवार को एक बार फिर संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम वार्ता के लिए पहुंचे, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। इससे पहले शनिवार को प्रदेश भर में जिला स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। सीकर में कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए। कांग्रेस ने 24 फरवरी को विधानसभा का घेराव करने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि प्रदेश कांग्रेस की तरफ से अभी आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा नहीं की गई है, लेकिन नेताओं को तैयार रहने को कहा है। दरअसल, विधानसभा में पूर्व पीएम इंदिरा गांधी पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत की टिप्पणी के विरोध में स्पीकर की डायस की तरफ बढ़ने वाले विधायकों पर शुक्रवार को कार्रवाई की गई थी। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन में ही रात गुजारी और रामधुनी भी की। धरने पर बैठे निलंबित विधायक संजय कुमार जाटव और जाकिर हुसैन गैसावत की तबीयत बिगड़ गई थी। पहले जानिए- कैसे शुरू हुआ था विवाद… मंत्री ने कहा था- आपकी दादी इंदिरा गांधी के नाम पर योजना का नाम रखा
विधानसभा में शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत की इंदिरा गांधी पर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस ने वैल में आकर हंगामा किया था। अविनाश गहलोत ने सवाल के जवाब में कहा था कि 2023-24 में आपकी दादी इंदिरा गांधी के नाम पर योजना का नाम रखा था। मंत्री की इस टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस विधायकों ने वैल में आकर भारी हंगामा किया। संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि दादी सम्मानित शब्द है। पटेल बोल रहे थे इसी दौरान हंगामा बढ़ गया। कांग्रेस विधायक स्पीकर की टेबल तक पहुंचने लगे। इसी दौरान स्पीकर ने सदन की कार्यवाही को आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया। इस मुद्दे पर बने गतिरोध के कारण सदन की कार्यवाही चार बार स्थगित हुई। संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने विधानसभा के बाहर मीडिया से बात करते हुए कहा था- आज हमारे सभी मंत्री प्रश्न के प्रभावी तरीके से जवाब दे रहे थे। तथ्यात्मक जवाब दे रहे थे। पहले तो विधायक रफीक खान ने कहा कि यह जवाब सब हवा-हवाई है तो हमने एतराज किया। अब 4 तस्वीरों से समझिए पूरा विवाद… जानिए- निलंबन के विरोध में कांग्रेस क्या कर रही… कांग्रेस ने सभी जिलों में प्रदर्शन कर मंत्री का पुतला फूंका
विधानसभा में बना हुआ गतिरोध सियासी स्तर पर तेज हो गया है। इंदिरा गांधी के खिलाफ की गई टिप्पणी और छह विधायकों के निलंबन के खिलाफ कांग्रेस ने आज सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन किया। मंत्री का पुतला जलाया गया। सोमवार तक सदन में धरना जारी रहने के संकेत
कांग्रेस विधायकों का सदन में दूसरे दिन शनिवार को भी धरना जारी रहा। वार्ता विफल होने के बाद अब सोमवार तक धरना जारी रहने की संभावना है। शनिवार और रविवार को विधानसभा की छुट्टी है। सोमवार को ही अब सदन चलेगा। ऐसे में धरना तब तक खिंचने के आसार बन गए हैं। अब जानिए- किसने क्या बोला… जूली बोले- उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली बात हो रही है, हम अपने स्टैंड पर कायम हैं
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने देर रात वार्ता विफल होने के बाद कहा- हमारा स्टैंड क्लियर है । मंत्रियों से सकारात्मक माहौल में वार्ता हुई । हमारी तरफ से कोई गतिरोध नहीं है, लेकिन सरकार हठधर्मिता कर रही है। उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली बात हो रही है। ————————- विधानसभा से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें;- कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष समेत 6 विधायक विधानसभा से सस्पेंड:विपक्ष का सदन में देर रात तक धरना; रामधुनी की, जिलों में आज होगा प्रदर्शन कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत 6 विपक्षी विधायकों को राजस्थान विधानसभा से सस्पेंड कर दिया। इसके बाद सदन की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित कर दी गई। निलंबन के खिलाफ कांग्रेस विधायक सदन में धरने पर बैठ गए। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *