मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का आज (17 जनवरी) दूसरा दिन है। सदन में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा मौजूदा वित्तीय वर्ष का तीसरा अनुपूरक बजट पेश किया। बजट 19 हजार 287 करोड़ 32 लाख रुपए का है। इस पर 23 फरवरी को चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही आज आर्थिक सर्वेक्षण भी सदन के पटल पर रखा जाएगा। सदन में कांग्रेस विधायक आतिफ अकील गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने का संकल्प लेकर आए। इस पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मस्जिदों में मुल्ला-मौलवियों से कसम करवा दी जाए तो गाय कटनी बंद हो जाएगी। इससे पहले, विधानसभा के बाहर कांग्रेस विधायकों ने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी के कारण हुई मौतों को लेकर प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कांग्रेस विधायक गंदे पानी की बोतल लेकर विधानसभा परिसर पहुंचे। यहां उन्होंनें गांधी प्रतिमा के सामने नारेबाजी की। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इंदौर की जनता श्मशान जा रही है और जिम्मेदार लोग कुर्सी पर बैठे हैं। उज्जैन के तराना से कांग्रेस विधायक महेश परमार ने कहा कि इंदौर प्रशासन और बीजेपी सरकार ने इस घटना से पूरे विश्व में शर्मसार किया है। आवारा कुत्तों का मुद्दा उठा, सरकार बोली- हालात काबू में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने भोपाल में आवारा कुत्तों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा- कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ये हैं कि प्रशासन और नगर निगम द्वारा नसबंदी-वैक्सीनेशन के नाम पर करीब 2 करोड़ रुपए खर्च किए जाने के बावजूद न तो आवारा कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण हो पा रहा है और न ही काटने की घटनाओं में कमी आ रही है। इस पर मंत्री विजयवर्गीय ने कहा- नगर निगम भोपाल द्वारा डॉग बाइट की हर घटना को संज्ञान में लेकर त्वरित कार्रवाई की जाती है। बदलते मौसम, भोजन की उपलब्धता, ब्रीडिंग सीजन, बीमारियां और बच्चों की सुरक्षा जैसे कारणों से आवारा कुत्तों में आक्रामकता बढ़ जाती है, जिससे डॉग बाइट की घटनाएं होती हैं।


