कांग्रेस समर्थित वोटर्स पर आयोग की नजर:भिलाई में जुड़ा बिलासपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष का नाम, विजय केशरवानी बोले- भाजपा करा रही वोटर लिस्ट में गड़बड़ी

भिलाई नगर की मतदाता सूची में बिलासपुर के कांग्रेस जिलाध्यक्ष का नाम जोड़ दिया गया था। मामला सामने आने के बाद जिला निर्वाचन ने त्रुटि सुधार कर उनके नाम को बिलासपुर में जोड़ने की बात कही है, जिसके बाद कांग्रेस नेता विजय केशरवानी ने निर्वाचन आयोग और भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उनका आरोप है कि भाजपा, निर्वाचन आयोग के साथ मिलकर कांग्रेस समर्थित मतदाताओं और कार्यकर्ताओं को टारगेट कर रही है। उनका कहना था कि यह केवल लिपिकीय त्रुटि नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश है। विजय केशरवानी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उन्होंने एसआईआर फॉर्म बीएलओ को दस्तावेजों के साथ सौंपा था। इसके बावजूद उनका नाम भिलाई में दर्ज कर दिया गया। उनका आरोप है कि भाजपा का उद्देश्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों को भ्रमित करना और चुनावी गणित प्रभावित करना है। बिहार की तर्ज पर यहां भी खेल
केशरवानी ने कहा कि यह वही स्क्रिप्ट है जो बिहार में लागू की गई थी। राहुल गांधी ने पहले प्रमाण सहित बताया था कि भाजपा मतदाताओं के नाम हटवाकर चुनाव को प्रभावित कर रही है। अब वही तरीका छत्तीसगढ़ में अपनाया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि भिलाई के बीएलओ को उनका फॉर्म कैसे मिला और किसके आदेश पर उनका नाम सूची में दर्ज किया गया। उनका कहना है कि यह संभव नहीं था अगर सिस्टम में अंदर से सहयोग नहीं हो रहा होता। मतदाता सूची में घुसपैठ का आरोप
उन्होंने 2003 और 2025 की मतदाता सूचियों की जांच का हवाला देते हुए कहा कि उनका नाम पहले कभी भिलाई नगर में नहीं था। यह योजना बनाकर किया गया ऑपरेशन है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों की मतदाता सूची तुरंत जांचें। केशरवानी के साथ शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री और पूर्व शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को राज्यव्यापी अभियान में बदलकर मतदाता सूची में संभावित हेरफेर को उजागर करेगी। नेताओं ने इसे लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करने की कोशिश बताया और कहा कि भाजपा का यह खेल हम जनता के सामने लाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *