कांस्टेबल ने मांगी आठ हजार रिश्वत, तीन हजार लेते पकड़ा:पांच हजार पहले ही ले चुका था, सत्यापन करवाने के बाद एसीबी ने किया ट्रेप

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) कोटा की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए गुमानपुरा थाने के कांस्टेबल जीतराम को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी एएसपी विजय स्वर्णकार के अनुसार 9 फरवरी 2026 को एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह पहले एचडीएफसी बैंक के लिए रिकवरी का काम करता था, जो अब बंद कर चुका है। परिवादी ने बताया कि वह एक दिन विशाल मार्केट स्थित अपने दोस्त की दुकान पर बैठा था, तभी गुमानपुरा थाने का कांस्टेबल जीतराम वहां पहुंचा और झूठे मुकदमे में नहीं फंसाने तथा उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने की एवज में 8 हजार रुपये की मांग की। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी कांस्टेबल 7 फरवरी को परिवादी से जबरन 5 हजार रुपये ले चुका था और शेष 3 हजार रुपये की मांग कर रहा था। एसीबी ने 9 फरवरी को रूपयों की मांग का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोपी द्वारा 3 हजार रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। उप महानिरीक्षक पुलिस एसीबी कोटा आनन्द शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस निरीक्षक चन्द्र कंवर एवं उनकी टीम ने 10 फरवरी 2026 को आरोपी जीतराम को परिवादी से 3 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कांस्टेबल से फिलहाल पूछताछ की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *