नमस्कार, कानपुर में कल (सोमवार) की बड़ी खबरें… लेम्बोर्गिनी कार से 6 लोगों को कुचलने के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। कमिश्नर ने कहा- जांच में तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा का नाम सामने आया है। वहीं महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज में सोमवार को एक बार फिर बवाल हो गया। करीब 300 छात्र कॉलेज गेट पर हंगामा किया। दबौली वेस्ट वार्ड-72 में क्षेत्रीय समस्याओं के विरोध में सैकड़ों महिलाएं ढोलक और मंजीरा लेकर सड़कों पर उतर आईं। महिलाओं ने महापौर, विधायक और क्षेत्रीय पार्षद के खिलाफ अनोखा और जोरदार प्रदर्शन किया। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…।
अब सिलसिलेवार 10 खबरें पढ़िए- 1: लेम्बोर्गिनी से 6 को उड़ाया, कारोबारी के बेटे पर FIR:लापरवाही पर थाना प्रभारी लाइन हाजिर; कमिश्नर बोले- जांच के बाद नाम सामने आया
कानपुर में लेम्बोर्गिनी कार से 6 लोगों को कुचलने के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। दरअसल, पुलिस ने रविवार रात कार के नंबर के आधार पर अज्ञात ड्राइवर पर FIR दर्ज की थी। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ा, तो पुलिस बैकफुट पर आ गई। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल को आगे आना पड़ा। कमिश्नर ने कहा- जांच में तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम का नाम सामने आया है। शिवम मिश्रा का नाम FIR में जोड़ा जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर 2: कानपुर में NICU में बच्ची की जिंदा जलकर मौत:राजा नर्सिंग होम का लाइसेंस निरस्त, डॉक्टरों पर केस; वॉर्मर मशीन में आग लगी थी
कानपुर के प्राइवेट हॉस्पिटल के NICU के वॉर्मर मशीन में रविवार शाम आग लग गई। इससे उसमें भर्ती एक मासूम बच्ची जिंदा जल गई। उसका पूरा शरीर जलकर काला हो गया। उसकी चमड़ी उधड़ गईं। चेहरा, छाती, पेट, जांघ बुरी तरह झुलस गया। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। तोड़फोड़ की। डीएम के आदेश पर सीएमओ ने जांच की। पता चला कि अस्पताल में बगैर अनुमति के NICU चल रहा था। CMO ने अस्पताल का पंजीकरण रद्द कर दिया। साथ ही अस्पताल के डॉक्टरों पर नवजात की तहरीर पर केस दर्ज किया है। पढ़ें पूरी खबर
3: कानपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रों का हंगामा:बोले- दोस्तों पर झूठा मुकदमा हुआ, 5 दिन पहले टीचर ने दौड़ाकर पीटा था
महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज में सोमवार को एक बार फिर बवाल हो गया। छात्र नेताओं पर मुकदमा दर्ज होने और मांगों पर कोई कार्रवाई न होने से नाराज करीब 300 छात्र कॉलेज गेट पर हंगामा पर उतरे। हालात को देखते हुए कई थानों की पुलिस, PAC, एसीपी कल्याणपुर और एडीसीपी वेस्ट मौके पर पहुंचे। आज सोमवार को 6 दिन में ये तीसरी बार हंगामा हुआ। छात्रों ने कहा- हमारे दोस्तों को पिटाई के झूठे मुकदमे में टीचर ने फंसाया है। पढ़ें पूरी खबर
4: महापौर होश में आओ… प्रदर्शन में नारे लगे:कानपुर में गंदगी, सीवर ओवरफ्लो और जर्जर सड़क से परेशान लोग; ढोल-मंजीरे बजाया कानपुर में बदहाल सफाई व्यवस्था, सीवर भराव और जर्जर सड़कों को लेकर लोगों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। दबौली वेस्ट वार्ड-72 में क्षेत्रीय समस्याओं के विरोध में सैकड़ों महिलाएं ढोलक और मंजीरा लेकर सड़कों पर उतर आईं। महिलाओं ने महापौर, विधायक और क्षेत्रीय पार्षद के खिलाफ अनोखा और जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाएं हाथों में स्लोगन लिखी लाल तख्तियां लिए नजर आईं। पढ़ें पूरी खबर
5: कानपुर में काशी महाकाल एक्सप्रेस पर पथराव, VIDEO:AC कोच के कांच टूटे, भीमसेन स्टेशन के पास घटना; आरोपियों की तलाश
कानपुर में रविवार रात काशी महाकाल एक्सप्रेस पर पथराव हुआ। भीमसेन रेलवे स्टेशन के पास अज्ञात लोगों ने ट्रेन के फर्स्ट AC कोच पर पत्थर फेंके, जिससे खिड़की का कांच टूट गया। घटना के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई और टूटे कांच का वीडियो जारी किया। गाड़ी संख्या 20415 काशी महाकाल एक्सप्रेस वाराणसी से इंदौर जा रही थी। गोविंदपुरी स्टेशन से रवाना होने के बाद करीब रात 9 बजे भीमसेन के पास यह घटना हुई। सूचना पर कोच अटेंडेंट ने कांच हटवाया। पढ़ें पूरी खबर 6: महिला बैंककर्मी बोली- ठाकुर हूं, ऐसी-तैसी कर दूंगी:कानपुर में कस्टमर को मारने के लिए लैपटॉप उठाया, गालियां दीं; देखें VIDEO
कानपुर में HDFC बैंक में तैनात महिला कर्मचारी आस्था सिंह ने ग्राहकों के साथ अभद्रता की। बैंक परिसर में हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा कि महिला कर्मचारी एक ग्राहक को खुलेआम गालियां दे रही है। कहती है- ठाकुर हूं मैं…ऐसी की तैसी कर दूंगी। गुस्से में लैपटॉप उठाकर ग्राहक को मारने का प्रयास किया। वीडियो पनकी सेक्टर-2 स्थित HDFC बैंक शाखा का है। वीडियो में दिखने वाली बैंक महिला कर्मी का नाम आस्था सिंह बताया जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर 7: मां ने डांटा तो बेटे ने फंदा लगाकर सुसाइड किया:शादी से शराब पीकर आया था घर, सुबह भाई जगाने गया तब जानकारी हुई कानपुर के बर्रा वर्ल्ड बैंक कॉलोनी में मां की डांट से नाराज होकर 25 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक ने रविवार रात दुपट्टे के सहारे पंखे से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सोमवार सुबह परिजनों को घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बर्रा वर्ल्ड बैंक कॉलोनी निवासी विजय नारायण के बड़े बेटे आशीष शुक्ला (25) ने यह कदम उठाया। आशीष के छोटे भाई वेद शुक्ला ने बताया कि रविवार रात करीब 10:30 बजे आशीष एक शादी से घर लौटा था और नशे में था। पढ़ें पूरी खबर
8: चाय-नाश्ता नहीं दिया तो पत्नी को मार डाला:कानपुर में पति ने सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार किए, पुलिस ने अरेस्ट किया
कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के कर्रही गांव में सोमवार को सुबह 60 वर्षीय महिला लालती राजपूत की हत्या उनके पति ने कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि लालती राजपूत की हत्या उनके पति साहब राजपूत ने की है। आरोपी ने किसी ठोस वस्तु और ईंट से सिर पर वार कर वारदात को अंजाम दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर 9: स्कूल के गेट में आग लगाई, फिर सामान ले गए:2 सिलेंडर, चीनी-नमकीन चोरी, प्रधानाचार्य की शिकायत पर घाटमपुर पुलिस पहुंची घाटमपुर के पतारा कस्बे में स्थित कन्या जूनियर स्कूल में रविवार देर रात चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने स्कूल का गेट नहीं खोल पाने पर उसे आग लगाकर जला दिया और हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। सुबह प्रधानाचार्य के स्कूल पहुंचने पर घटना का पता चला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। स्कूल की प्रधानाचार्य वंदना ने पतारा चौकी में दी गई तहरीर में बताया कि चोरों ने प्रधानाचार्य कक्ष का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। इसके बाद चोरों ने कमरे के गेट को आग के हवाले कर दिया। पढ़ें पूरी खबर
10: कानपुर में बुजुर्ग की ईंट से सिर कूच कर हत्या:चारपाई पर मिली डेडबॉडी, सफाई का काम करते थे कानपुर के बजरिया थाना क्षेत्र में क्रिया कर्म करने वाले स्थान 58 वर्षीय एक बुजुर्ग का शव पड़ा हुआ मिला है, घटना की जानकारी होने पर बजरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। कैलाश राजपूत रामबाग स्थित क्रिया कर्म करने वाले स्थान पर रहते थे। यहीं पर वो साफ सफाई का काम करते थे। आज जहां उनका शव ईंट से कूचा हुआ चारपाई पर पड़ा हुआ मिला है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्राइम स्पॉट को सीज कर दिया। मौके पर डॉग स्क्वायड से जांच करवाते हुए, मौके अपर मिली ईट एवं अन्य संदिग्ध चीजों को फोरेंसिक जांच करने के लिए भेजा गया है। पढ़ें पूरी खबर


