राजस्थान विधानसभा में सोमवार को एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन हुआ। कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय, जयपुर के राजनीति विज्ञान विभाग की 25 स्नातकोत्तर छात्राएं इस भ्रमण का हिस्सा बनीं। महाविद्यालय की प्राध्यापिकाएं डॉ. निमिषा गौड़, डॉ. संजू शर्मा और डॉ. स्वाति ने छात्राओं का नेतृत्व किया। छात्राओं ने विधानसभा सत्र की पूरी कार्यवाही को करीब से देखा। प्रश्नकाल के दौरान जनप्रतिनिधियों ने मंत्रियों से जनहित के कई सवाल पूछे। सदन में पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सदस्यों से सदन में अनुशासन बनाए रखने की अपील की। प्रश्नकाल के बाद शून्य काल में छात्राओं ने सचेतक द्वारा पेश किए गए विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव को भी समझा। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के साथ समूह तस्वीर खिंचवाई। छात्राओं ने इस अनूठे अवसर के लिए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल और विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।


