कामा के बिलग गांव में कचरा डिपो का विरोध:नगर पालिका के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, बड़े आंदोलन की चेतावनी

डीग जिले के कामा विधानसभा क्षेत्र के बिलग गांव में नगर पालिका द्वारा बनाए जा रहे कचरा डिपो के विरोध में ग्रामीण सड़कों पर उतर आए हैं। सैकड़ों ग्रामीणों ने सोमवार को नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। यह विवाद कामा नगर पालिका की उस योजना से जुड़ा है, जिसके तहत बिलग गांव में शहर का कचरा डालने के लिए डंपिंग स्टेशन बनाया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन आबादी क्षेत्र के पास कचरा डालना चाहता है, जिससे दुर्गंध और बीमारियों का खतरा बढ़ेगा। आज सुबह जैसे ही निर्माण कार्य की सुगबुगाहट हुई, सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। उन्होंने हाथों में बैनर लेकर और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी जमीन पर शहर की गंदगी न डालने देने की बात कही। गांव के प्रमुख लोगों ने बताया कि प्रशासन उनकी शिकायतों को नजरअंदाज कर रहा है। उनका कहना है कि कचरा डिपो बनने से उनके पशुओं, बच्चों और पर्यावरण पर बुरा असर पड़ेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि यदि कचरा डिपो बनाने का निर्णय वापस नहीं लिया गया, तो कल से एक विशाल जन-आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कामा की सड़कों पर उतरकर अनिश्चितकालीन धरना देने की भी चेतावनी दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *