राजस्थान बजट 2026-27 में कामा क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। इनमें कोसी चौराहे से डीग गेट तक सीसी सड़क निर्माण के लिए 12 करोड़ 50 लाख रुपये की स्वीकृति शामिल है। इस परियोजना से नगर में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आमजन को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, गुलपाड़ा से अमरूका तक 13 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए 12 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है। यह मार्ग ग्रामीण क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कामा क्षेत्र में एक आधुनिक खेल स्टेडियम को भी स्वीकृति मिली है। इस स्टेडियम के निर्माण से स्थानीय प्रतिभाओं को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इन घोषणाओं से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।


