कारगिल योद्धा के भाई से सवा लाख की उगाही, थाना प्रभारी और आरक्षक सस्पेंड

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव मानपुर मोहला जिले के चिल्हाटी थाने में कारगिल युद्ध लड़ने वाले फौजी के भाई से सवा लाख रुपए की अवैध उगाही कर ली गई। मामला उजागर होने और आला अधिकारियों तक शिकायत पहुंचने के बाद एसपी वायपी सिंह ने थाना प्रभारी रविशंकर डहरिया और एक कांस्टेबल राजेश बोगा को सस्पेंड कर दिया है। मामला 20 अप्रैल का है। महाराष्ट्र गढ़चिरौली के खुनारा गांव में रहने वाले मथुर सिदराम अंबागढ़ चौकी में किसान से बैल खरीदने पहुंचे थे। मथुर सिदराम ने खेती के लिए बैल जोड़ी खरीदा और पूरे दस्तावेज के साथ उन्हें लेकर अपने गांव लौट रहे थे। तभी चिल्हाटी पुलिस की टीम ने उन्हें रोका और पशु तस्करी का आरोप लगाकर उन्हें थाने लेकर आ गए। इसके बाद छोड़ने के लिए उनसे डेढ़ लाख रुपए की मांग की गई। मथुर सिदराम के बड़े भाई रिटायर्ड फौजी हैं, जो कारगिल में युद्ध भी लड़ चुके हैं। पुलिस की डिमांड के मुताबिक मथुर सिदराम सवा लाख रुपए लेकर चिल्हाटी थाने पहुंचे, इसके बाद उनके बैलों को छोड़ा गया। आरोप है कि पुलिस ने बैल बेचने वाले किसान से भी 35 हजार रुपए अवैध उगाही कर ली। शिकायत के बाद रुपए लौटाने पहुंचा थाना प्रभारी मामले की शिकायत के बाद 2 मई को चिल्हाटी थाना प्रभारी रविशंकर डहरिया अपने स्टाफ के साथ फौजी के परिवार से माफी मांगने पहुंचे। वसूली गई रकम भी उन्होंने लौटाई। वहीं मामले में शिकायत वापस लेने और पूरे मामले को रफा-दफा करने का दबाव भी बनाया। खुद के बचाव में थाना प्रभारी ने अवकाश में होने की जानकारी भी दे दी। लेकिन मामला अफसरों के संज्ञान में आते ही एसपी ने थाना प्रभारी व आरक्षक को निलंबित कर दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *