वाराणसी में सीमेंट कारोबारी के बेटे ने खुद के अपहरण की साजिश रची। शेयर मार्केट में नुकसान के बाद पिता ने उसे डांटा, तो उसने घर से निकल कर फोन बंद कर लिया। पिता के मोबाइल पर मैसेज भेजा- 30 लाख रुपए तैयार रखना, नहीं तो तुम्हारे बेटे अमन को जान से मार देंगे। पिता ने पुलिस को सूचना दी। अमन का फोन बार-बार ऑन-ऑफ हो रहा था। पुलिस को आखिरी लोकेशन नोएडा मिली। पुलिस वहां तलाश करती रही। इसी दौरान उसकी लोकेशन गुरुग्राम में दिखाने लगी। पुलिस उसके दोस्त के फ्लैट पर पहुंची तो अमन वहां बैठा मिला। अब पढ़िए पूरा मामला… जैतपुरा निवासी सतीश जायसवाल सीमेंट कारोबारी हैं। उनकी सीमेंट की एजेंसी है। उनका बेटा अमन (25) 12वीं तक पढ़ा है। पिता का कारोबार में हाथ बंटाता था। बुधवार शाम 7 बजे बिना बताए घर से निकल गया। इसके बाद फोन बंद कर लिया। देर रात तक अमन का कोई पता नहीं चला। परिजनों ने कॉल किया तो फोन बंद मिला। परिजनों को संदेह हुआ कि उसका अपहरण हो गया है। अंजान नंबर से पिता को किया मैसेज
सुबह अमन के पिता सतीश जायसवाल के वॉट्सऐप पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया। लिखा था- तुम्हारे बेटे का अपहरण कर लिया गया है। 30 लाख रुपए तैयार रखना नहीं तो तुम्हारे बेटे को मार देंगे। मैसेज पढ़कर पिता घबरा गए। उन्होंने पहले पैसे का इंतजाम किया। फिर पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू की। अमन की लोकेशन ट्रेस करनी शुरू की। पढ़िए, पुलिस ने कैसे अमन को पकड़ा
थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया- वॉट्सऐप कॉल और नंबर की जांच की तो कारोबारी के बेटे अमन की आखिरी लोकेशन नोएडा में मिली। पुलिस जब नोएडा पहुंची तो उसकी लोकेशन गुरुग्राम दिखने लगी। गुरुग्राम में लोकेशन के आसपास के फ्लैट को पुलिस ने खंगाला, लेकिन युवक नहीं मिला। उसका फोन ऑफ था। पुलिस ने उसकी कॉल डिटेल खंगाली तो पता चला कि आज सुबह उसका फोन ऑन हुआ था। उसने गुरुग्राम के अपने एक दोस्त से फोन पर बात की थी। अब पुलिस उसके दोस्त का नंबर ट्रेस करके उसके फ्लैट पर पहुंच गई। वहां अमन बैठा हुआ मिला। पुलिस युवक को लेकर वाराणसी पहुंच गई है। चौकाघाट पुलिस चौकी में युवक से पूछताछ जारी है। पुलिस ने अमन के दोस्त के नाम का खुलासा नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि दोस्त को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। फिलहाल, दोनों से पूछताछ जारी है। एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी ने बताया- अमन जायसवाल के अपहरण की सूचना मिली थी। पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर 24 घंटे में उसे बरामद कर लिया है। मामला अपहरण का नहीं था। अमन ने शेयर मार्केट में पैसे लगाए थे। इंट्रा-डे ट्रेडिंग में उसे 25 से 30 लाख का नुकसान हो गया था। इससे वो परेशान था। जिसकी भरपाई के लिए उसने ये साजिश रची। —————————— ये खबर भी पढ़िए- सपा विधायक नसीम सोलंकी को BJP नेता ने धमकाया, बोला- अलाव नहीं जलवा रही हैं, तुम्हें मारूंगा; नसीम बोलीं- तुम्हारी चिता न जलवा दें कानपुर में भाजपा नेता ने सपा विधायक नसीम सोलंकी को मारने की धमकी दी है। जमकर अभद्रता की है। यहां तक कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी धमकी देते हुए खुली चुनौती दी है। भाजपा के पूर्व प्रवक्ता धीरज चड्ढा ने दूसरी बार सपा विधायक नसीम सोलंकी को धमकाया है। कहा- घर बैठी हो। अलाव जलवाओ और जगह-जगह कंबल बंटवाओ। घर में बैठकर क्या कर रही हो? अपने घर में अलाव जलवा रही हो। इस पर नसीम सोलंकी ने कहा कि अलाव जल रहे हैं। धीरज ने अभद्रता की तो नसीम बोलीं- अलाव नहीं, तुम्हारी चिता न जलवा दें… बेवकूफ आदमी। पढ़ें पूरी खबर…


