राजनांदगांव| जल जीवन मिशन के अंतर्गत आयोजित कार्यशाला में जिला राजनांदगांव का प्रतिनिधित्व करने का अवसर ग्राम पंचायत ईरा के सरपंच किशोर साहू को प्राप्त हुआ। जल जीवन मिशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर उन्हें कार्यशाला में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से आए जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति रही, जहां विभिन्न पंचायतों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा और अनुभव साझा किए गए। ग्राम पंचायत ईरा द्वारा हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने, पाइपलाइन विस्तार एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए सरपंच किशोर साहू को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर सरपंच किशोर साहू ने कहा कि यह सम्मान पूरे ग्राम पंचायत, ग्रामीणों तथा संबंधित विभागों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।


