राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष शेरसिंह चौहान के आह्वान पर सवाई माधोपुर जिलाध्यक्ष मोहम्मद जाकिर व प्रदेश प्रवक्ता राहुल सिंह गुर्जर के नेतृत्व में शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों एवं अन्य कार्यालयों में प्रतिनियुक्ति पर लगे शिक्षकों को विद्यालय के लिए कार्यमुक्त करने की मांग को लेकर अतिरिक्त जिला कलेक्टर संजय शर्मा को मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव एवं शासन सचिव (स्कूल शिक्षा) के नाम ज्ञापन दिया है। जिलाध्यक्ष मोहम्मद जाकिर ने बताया कि प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में 25% से अधिक शिक्षक पद रिक्त हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में शिक्षकों को दूसरे कार्यालयों में गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाया गया है, जिससे विद्यालयों में अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वर्तमान समय में पांचवीं, आठवीं, दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षाएं संचालित हो रही हैं, ऐसे संवेदनशील समय में शिक्षकों की कमी शिक्षा की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। प्रदेश प्रवक्ता राहुल सिंह गुर्जर ने बताया कि संघ ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि अन्य कार्यालयों में प्रतिनियुक्ति पर गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाए गए शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर पुनः विद्यालयों में भेजने के स्पष्ट आदेश जारी किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और आगामी सत्र में शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हो सके। यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आगे की रणनीति तय करेगा।ज्ञापन देने में प्रदेश सलाहकार हरिशंकर गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष सवाई माधोपुर विजेंद्र फागना, ब्लॉक अध्यक्ष खंडार ओमप्रकाश मीना, ब्लॉक अध्यक्ष चौथ का बरवाड़ा प्रदीप शर्मा, जिला प्रवक्ता विनोद जैन, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष भुवनेश्वर शर्मा, जिला सलाहकार दिलराज सिंह चौहान, नसीर मोहम्मद, ब्लॉक सभाध्यक्ष देशराज मीना, ब्लॉक संरक्षक पप्पूलाल मीना, ब्लॉक संगठन मंत्री मौजीराम मीना, भजनलाल वर्मा आदि संगठन के पदाधिकारी व शिक्षक उपस्थित रहे।


