राजनांदगांव| घुमका इलाके के ग्राम उपरवाह में महिला पटवारी से गाली गलौज व बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार सुबह की है। तब पटवारी अपने कार्यालय में किसानों का काम कर रही थी। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाली पति-पत्नी, बेटे और उनके एक रिश्तेदार पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि पटवारी नलिनी चौबे अपने कार्यालय में काम कर रही थी। तभी वहां आरोपी परमानंद, उनकी पत्नी निर्मला बाई, बेटा ओमप्रकाश और रिश्तेदार कुणाल पहुंचा। सभी ने पटवारी पर गलत नक्शा देने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। पटवारी ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने दुर्रव्यवहार करते हुए पटवारी को उसके कार्यालय में ही बंधक बना लिया और दो घंटे तक जमकर हंगामा करते रहे। इसके बाद पटवारी ने मामले की शिकायत घुमका पुलिस से की। पुलिस ने चारों आरोपियों पर जुर्म दर्ज कर लिया है।


