भास्कर न्यूज| जालंधर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए शुक्रवार को दोआबा चौक से श्री देवी तालाब मंदिर तक नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर कब्जाधारियों पर सख्त कार्रवाई की। लंबे समय से इस मार्ग पर रेहडिय़ां और फुटपाथों पर लगाए गए अस्थायी कब्जों के कारण सुबह और शाम के समय भारी जाम की स्थिति बन रही थी। कई बार चेतावनी देने के बावजूद कब्जाधारी पीछे नहीं हटे, जिसके बाद प्रशासन को सख्ती करनी पड़ी। कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों और ट्रैफिक पुलिस मुलाजिमों ने सड़क किनारे लगे फलों की रेहड़ियों से मिक्सी, जूस विक्रेताओं के गिलास और गैस सिलेंडर जब्त कर लिए। दोआबा कॉलेज के बाहर लगी रेहड़ियों को भी हटवाया गया। टीम को देखते ही कई रेहड़ी चालक अपना सामान समेटकर मौके से फरार हो गए। फुटपाथों पर सामान फैलाकर बैठे लोगों को भी सख्त निर्देश दिए गए कि दोबारा सड़क या फुटपाथ घेरने पर चालान काटा जाएगा और पूरा सामान जब्त कर लिया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस के एएसआई मनजीत सिंह ने बताया कि बार-बार समझाने के बावजूद जब लोग नियमों का पालन नहीं करते, तो मजबूरन जब्ती जैसी कार्रवाई करनी पड़ती है।


