शहर में इनकम टैक्स विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जीटी रोड शेरपुर चौक और मॉडल टाउन गोल मार्केट स्थित दो शो-रूम पर रिकॉर्ड खंगाले। ये दोनों शो-रूम प्रतिष्ठित कारोबारी सिकंद भाईयों के बताए जा रहे हैं। विभाग को इनकम टैक्स में गड़बड़ी की शिकायत मिली थी, जिस पर यह कार्रवाई की गई। जानकारी के मुताबिक, इनकम टैक्स विभाग की टीम दोपहर से ही दोनों ठिकानों पर पहुंच गई और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। सूत्रों अनुसार यह जांच देर रात तक और संभवतः शुक्रवार सुबह तक जारी रह सकती है। अधिकारी खातों, बिलों, लेन-देन और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों भाई शहर में कार एक्सेसरीज और कार मोडिफिकेशन का कारोबार करते हैं। उनके शो-रूम में महंगी कारों को मोडिफाई करने और लग्जरी एक्सेसरीज लगाने का काम किया जाता है। विभाग को शक है कि कारोबार से जुड़ी आय को सही तरीके से घोषित नहीं किया गया और टैक्स में गड़बड़ी की गई है। इस दौरान किसी को अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है और अधिकारियों ने जरूरी दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। फिलहाल विभाग ने आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।


