रायसेन में मंगलवार शाम को 13 साल के लड़के को कट्टा अड़ाकर कुछ बदमाशों ने अगवा कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने कॉल कर परिजन से 10 लाख की फिरौती मांगी। परिजन बरेली थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी बात बताई। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पूरी रात सर्चिंग अभियान चलाया और बुधवार तड़के 4 बजे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना बरेली थाना क्षेत्र के महेश्वर गांव की है। आरोपियों ने वारदात को तब अंजाम दिया जब नाबालिग लड़का शाम 5 बजे कोचिंग से घर लौट रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने उसे किडनैप किया। पुलिस ने अगवा बच्चे को बरामद कर लिया है। एक आरोपी अब भी नहीं पकड़ा जा सका है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कार का लोन चुकाने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। रास्ता पूछा और नाबालिग को वैन में खींच लिया
नाबालिग लड़के के पिता ने बताया कि बेटा कोचिंग में पढ़ने बरेली गया था। शाम 5 बजे घर लौट रहा था। इसी बीच रास्ते में एक मारुति वैन वाला आया और रास्ता पूछा। मौका देखकर उसने बेटे को वैन के अंदर खींच लिया और कनपटी पर कट्टे अड़ाकर उसे ले गए। बदमाशों ने बड़ी बहन को फोन कर फिरौती मांगी
पिता ने बताया- मेरी एक बेटी भोपाल में पढ़ती है। आरोपियों ने बेटे के फोन से बेटी को फोन किया और फिरौती की मांग की। इसके बाद बेटी ने भाई के अपहरण की जानकारी मुझे दी। कुछ देर बाद आरोपियों ने मुझे भी फोन किया और 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी। पैसे नहीं देने पर धमकी भी दी। सर्चिंग अभियान में लगे 200 से ज्यादा पुलिसकर्मी
बच्चे के परिवार ने इसकी जानकारी बरेली पुलिस को दे दी। इसके बाद रात में ही आईजी और डीआईजी मौके पर पहुंच गए। योजना बनाकर सर्चिंग अभियान में 200 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को लगाया गया। इस दौरान पुलिस ने बाड़ी और बरेली से तीन आरोपियों को रात में ही गिरफ्तार कर लिया। पिता ने पैसे रखे, उठाने आए आरोपियों को दबोचा
नर्मदापुरम रेंज के आईजी मिथलेश कुमार शुक्ला ने बताया कि मंगलवार शाम 6 बजे 13 साल के लड़के की अपहरण की सूचना मिली थी। पुलिस ने परिवार के साथ मिलकर आरोपियों की कॉल रिकॉर्डिंग कर किडनैपिंग की पुष्टि की। आरोपियों ने 10 लाख रुपए मांगे। इसके बाद योजना बनाकर पुलिस बच्चे के पिता के साथ पैसे लेकर आरोपियों की बताई जगह पहुंची। आरोपियों ने पिता को पैसे एक जगह पर रखने को कहा। पुलिस की एक टीम आरोपियों पर निगरानी रखे हुए थी। जैसे ही पिता ने पैसे रखे, कुछ देर बाद आरोपी पैसे उठाने पहुंचे। जहां पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोच लिया। बच्चे को भी सुरक्षित बरामद किया। पिता बोले- पैसे ले लो और हमें हमारा बेटा लौटा दो
बच्चे के पिता ने बताया कि बेटे के मामा को फोन कर पैसों की व्यवस्था करने का बोला। हमने करीब 5 लाख रुपए जुटाए। टीआई हमारे साथ गए। इस दौरान आरोपियों ने कई बार जगह बदली। हमने उनसे कहा कि अब अपने पैसे ले लो और हमें हमारा बेटा लौटा दो। आरोपियों के कहने पर हमने बाड़ी ब्रिज के पास पैसे रख दिए। आरोपी आपस में रिश्तेदार, मामा-मौसी के लड़के
आईजी मिथलेश शुक्ला ने बताया कि सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं। वे मामा-मौसी के लड़के हैं। गाड़ी का लोन जल्दी चुकाने के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों में शिवम पिता लखन लाल साहू (28) , दीपक पिता फूलसिंह साहू (22), शुभम पिता विष्णु प्रसाद साहू (22) शामिल हैं। इनके पास से कार, मोटरसाइकिल, एयर पिस्टल, डंडे बरामद किए गए हैं।


