कार दिलवाने के बाद भतीजों ने पिता संग बुआ का पर्स उड़ाया

लुधियाना| दो भतीजों पर पिता के साथ मिलकर बुआ का कैश व जेवरात चोरी करने के आरोप में थाना सदर की पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक गुरु नानक कॉलोनी निवासी रणदीप कौर ग्रेवाल की शिकायत के आधार पर गुरजीत सिंह और उनके दो बेटों परमिंदर सिंह व गुरशरण सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उन्होंने अपने भतीजे परमिंदर सिंह के नाम पर फॉरच्यूनर कार खरीदी थी। इसलिए कार की चाबी उसी के पास ही थी। आरोप है कि परमिंदर सिंह ने अपने पिता गुरजीत सिंह और भाई गुरशरण सिंह के साथ मिलकर कार की चाबी का इस्तेमाल करते हुए उनका पर्स चोरी कर लिया। पीड़िता के मुताबिक, पर्स में सोने के दो कड़े, 1.50 लाख रुपए नकद और एक लैपटॉप रखा हुआ था। चोरी का पता चलने के बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद तीनों आरोपियों को नामजद करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और चोरी हुए कैश व जेवरात की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *