रामानुजगंज के रामचंद्रपुर विकासखंड में एक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। गुरुवार शाम लावा रोड पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर साल के पेड़ से टकरा गई। यह घटना शाम करीब 4 बजे हुई। ग्लेंजा कार की टक्कर इतनी भीषण थी कि कार मालिक प्रेम यादव (26 वर्ष) की सीने और सिर में गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। प्रेम यादव ग्राम चाकी के निवासी थे। हादसे में कार में सवार गणेश यादव (40 वर्ष), इंद्र यादव (35 वर्ष), चंद्रिका यादव (22 वर्ष) और पुष्पराज यादव उर्फ लाल बाबू (30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। ये सभी ग्राम चाकी के निवासी बताए जा रहे हैं, और घायलों में तीन आपस में चचेरे भाई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत 100 बिस्तर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। होली खेलकर वापस लौटते वक्त हादसा बताया गया है कि सभी युवक पड़ोसी गांव लावा में होली खेलने गए थे और अपने गांव चाकी लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलने पर जिला पंचायत के पूर्व सभापति राजेश यादव, किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री जसवंत सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव व्यास मुनि यादव सहित कई अन्य लोग 100 बिस्तर अस्पताल पहुंचे।


