आगर मालवा जिले के बड़ौद-आलोट रोड पर कार और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में 7 साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना गुरुवार शाम 7 बजे की है। जानकारी के अनुसार, हादसे में कृष्णा (7) की जान चली गई। वहीं, मांगीलाल (45), बबली बाई (28) और गंगा बाई (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। ये सभी ढाबला गहलोत, राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा आसपास के लोगों और परिजनों ने बच्चे को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टर अजय चौहान ने जांच के बाद बालक को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन गंभीर घायलों का इलाज किया गया। मृतक बालक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


