भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शहर के केदारपुर नाइट चौक के पास रविवार रात कार सवार युवकों ने एक पुलिसकर्मी की जमकर पिटाई कर दी। बताया गया है कि पुलिसकर्मी (प्रधान आरक्षक) सतीश सिंह अपने निजी वाहन पर विभाग के एक काम से रात साढ़े 9 बजे मिशन अस्पताल स्थित पुलिस चौकी जा रहे थे। वे नाइट चौक के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रही एक कार से मामूली टक्कर हो गई। इस बात को लेकर कार सवार युवक बहस करने लगे। सतीश सिंह सिविल ड्रेस में थे। विवाद इतना बढ़ा कि कार सवार युवक उग्र हो गए और उन्होंने पुलिसकर्मी की पिटाई शुरू कर दी। हाथ-मुक्के से पीट-पीटकर चारों ने सतीश को जमीन पर पटक दिया। इस बीच उधर से गुजर रही एक महिला पुलिसकर्मी ने देखकर बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन कार सवार युवक रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। उसने थाने में सूचना दी तो दलबल के साथ पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी पहुंची। इसके बाद सभी वहां से भाग गए। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। घायल सतीश को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। सतीश की नाक की हड्डी टूट गई है। शादी समारोह से धरदबोचा पुलिस को पता चला कि चारों युवक एक शादी समारोह में गए हैं। वहां से पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवकों में लालजी कुशवाहा, प्रद्युमन कुशवाहा, आशुतोष मिश्रा शामिल हैं। प्रधान आरक्षक से मारपीट की घटना से पुलिसकर्मियों ने गुस्सा था। युवकों को पकड़ पुलिस थाने लाई । वीडियो बनाने पर महिला पुलिस का मोबाइल छीन फेंका युवकों द्वारा मारपीट करने पर उधर से गुजर रही स्कूटी सवार महिला पुलिसकर्मी ने पहले तो बीच-बचाव का प्रयास किया। इससे युवकों ने उसके साथ भी मारपीट की। इससे महिला पुलिसकर्मी युवकों का वीडियो बनाने लगी। इससे युवको ने महिला कर्मी का मोबाइल छीनकर फेंक दिया।


