धौलपुर के निहालगंज थाना इलाके में शनिवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 पर बस स्टैंड के पास यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार बिरौंदा निवासी 33 वर्षीय वीकेश पुत्र कैलाश की बाइक आगे जा रही एक कार से टकराकर फिसल गई। इससे वीकेश सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे वीकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर निहालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वीकेश को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
वीकेश धौलपुर से अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। इस घटना का एक वीडियो सामने आया है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। परिजनों की रिपोर्ट के बाद रविवार को पोस्टमॉर्टम कराया गया। पुलिस फरार वाहन की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।


