कालंद्री पुलिस ने सिरोही में दो दिन के भीतर दो अलग-अलग कार्रवाइयों में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इन कार्रवाइयों में कुल 14 किलो 100 ग्राम अफीम और 42 किलो 170 ग्राम डोडापोस्त बरामद किया। साथ ही 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने एक बाइक और एक कार भी जब्त की है। सिरोही एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर कालंद्री थाना अधिकारी गंगा प्रसाद ने सोमवार को नाकाबंदी के दौरान एक बाइक सवार युवक को रोका। युवक की पहचान सिरोही के शामली सेरी सदर बाजार निवासी कल्पेश जैन (35) पुत्र बाबूलाल जैन के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी बाइक से 14 किलो 100 ग्राम अफीम जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले, रविवार को भी थाना अधिकारी गंगा प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस ने नाकाबंदी की थी। इस दौरान एक कार से 42 किलो 170 ग्राम अवैध डोडापोस्त जब्त किया गया। कार में सवार दो व्यक्तियों, सीकर जिले के रिंगस थाना क्षेत्र के भोतपुरा निवासी नरेंद्र कुमार (24) पुत्र हरि सिंह जाट और प्रियंका (23) पत्नी नरेंद्र कुमार योगी, को गिरफ्तार किया गया। कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस इन सभी गिरफ्तार आरोपियों से अलग-अलग रखकर गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।


