हिमाचल के पूरे किन्नौर जिले में शुक्रवार से ही लगातार बर्फबारी जारी है। ऐसे में नेशनल हाईवे-5 सहित अधिकांश संपर्क सड़कें बंद कर दी गई हैं। शुक्रवार देर रात को बर्फबारी में सड़क फिसलन होने से मलिंग नाला व चांगो गाँव के बीच में टूरिस्ट फंस गए थे। जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस की क्यूआरटी टीम और पुलिस चोकी यंगथंग से भी पुलिस जवान मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने करीब 85 टूरिस्टों को बाहर निकाला, जो काजा से नाको की तरफ जा रहे थे। बर्फबारी व सड़क पर फिसल होने के कारण सभी टूरिस्ट फंस गए थे, जिन्हें पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों व बीआरओ के जवानों की मदद से रेस्क्यू कर उन्हें सकुशल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। जिला पुलिस स्थानीय लोगों व विशेषकर जिले में आने वाले पर्यटकों से अपील करती है कि सड़कों पर काफी फिसलन है ऐसे में यात्रा करने से बचें व सुरक्षित रहें। पुलिस प्रशासन की ओर से 2 आपातकालीन नंबर जारी किया गया है। पुलिस ने अपील की है कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में पुलिस कंट्रोल रूम के नं. 01786-222873 या मोबाइल नं. 90151-72807 पर सम्पर्क करें।


