खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग ने सोमवार को आरोन इलाके के बरखेड़ा हाट में दुकान पर छापामार कार्रवाई की। लगभग 13 क्विंटल PDS का चावल जब्त हुआ। दुकानदार के खिलाफ आरोन थाने में FIR दर्ज करवाई। जानकारी के अनुसार, आरोन SDM मुकेश बमनाह, डिप्टी कलेक्टर और प्रभारी आपूर्ति अधिकारी मंजूषा खत्री के नेतृत्व में आरोन तहसीलदार रुचि अग्रवाल, नायब तहसीलदार मयंक खेमरिया, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी वर्षा बड़ोनिया, राजस्व और खाद्य विभाग की टीम आरोन इलाके में निरीक्षण के लिए निकली थी। उन्होंने गाड़ी रुकवाकर दुकानों पर छापा मारा। यहां महेश साहू की किराना दुकान पर PDS का चावल खरीदा जा रहा था। कई ग्राहक वहां चावल बेचने के लिए खड़े थे। उस दुकान के सामने ही एक और दुकान पर भी ऐसे ही PDS का चावल खरीदा जा रहा था। टीम ने दोनों दुकानों पर जांच की तो एक दुकान से 5 और दूसरी दुकान पर 6 क्विंटल चावल मिला। यह चावल PDS का था। 2 क्विंटल चावल एक घर से मिला। इसके साथ ही दुकानों पर राशन रखने वाले सरकारी कट्टे भी मिले। दोनों दुकानों से 26 कट्टे जब्त किए गए। कार्रवाई के बाद आरोन थाने में दोनों दुकानदारों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। उन पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।


