डूंगरपुर पुलिस ने “ऑपरेशन स्वच्छता” अभियान के तहत बिछीवाड़ा थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने एक किराना दुकान की आड़ में बेचे जा रहे सूखे गांजे का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई में कुल 3.675 किलोग्राम सूखा गांजा और खेत में उगाए गए हरे गांजे के 109 पौधे जब्त किए गए। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है। बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाशचंद्र सोनी और डीएसटी टीम ने भुवाली पिपलिया फला में एनएच-48 किनारे स्थित एक किराना दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान संचालक हरीश पुत्र नाथुलाल डामोर (38) के कब्जे से काउंटर के पीछे रखे थैलों में 3.675 किलोग्राम सूखा गांजा बरामद हुआ। इसके बाद, आरोपी के मकान के पीछे खेत में सब्जियों और घास के बीच उगाए गए गांजे के 109 छोटे-बड़े पौधे भी जड़ सहित उखाड़कर जब्त किए गए। इन पौधों का कुल वजन 1.936 किलोग्राम था। पुलिस ने आरोपी हरीश डामोर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।


