जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र में यात्री बस में कंडक्टर से मारपीट का मामला सामने आया है। भोपाल से टीकमगढ़ आ रही यात्री बस में बड़ा गांव के पास दो युवकों ने कंडक्टर से मारपीट की। घटना बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कंडक्टर की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बड़ागांव थाना प्रभारी एमपी सिंह गोंड ने बताया कि महाकाल बस कंपनी के कंडक्टर वीर सिंह परिहार ने मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि भोपाल से बस टीकमगढ़ आ रही थी। गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे जैसे ही बस बड़ागांव के पास पहुंची तो दो लोगों ने किराया मांगने पर बस में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बस में बैठे कुछ यात्रियों ने बीच बचाव का प्रयास भी किया, लेकिन आरोपी नहीं माने। मारपीट करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। कंडक्टर ने बस में लगे सीसीटीवी कैमरे से घटना का वीडियो निकाला और बड़ागांव थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने दो लोगों पर दर्ज की एफआईआर बड़ागांव थाना प्रभारी एमपी गोंड ने बताया कि कंडक्टर से मारपीट के मामले में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी वीडियो के आधार पर एक आरोपी की पहचान राजा उर्फ़ मजहर खान के तौर पर हुई है। दूसरे की पहचान की जा रही है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।


