किरोड़ी बोले-पार्टी नहीं छोड़ सकता, चाहे तोप से उड़ा दो:कांग्रेस विधायक ने मेरी तारीफ ऐसी-तैसी करने के लिए की या भलाई के लिए, नहीं पता

अनुदान मांगों पर बहस का जवाब देते हुए कृषि मंत्री डॉ किरोड़ीलाल मीणा ने उपनेता प्रतिपक्ष रामकेश मीणा की तारीफ पर तंज कसा। किरोड़ी ने कहा-उपनेता प्रतिपक्ष जब बोल रहे थे तब मैं सदन में नहीं था, स्पीकर के पास था। मैं समझ नहीं पाया कि उन्होंने मेरी तारीफ ऐसी तैसी करने के लिए की है या भलाई के लिए। मुझे नहीं पता। रामकेश मीणा कह रहे थे टुकर- टुकर हमारी तरफ देख रहे हैं। सपने देख लो, मैं मेरा दल और विचारधारा छोड़कर नहीं जा सकता, चाहे तोप के गोले से उड़ा दो। विधानसभा में बहस के बाद सहकारिता और कृषि की अनुदान मांगें पारित कर दी गईं। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही शनिवार तक स्थगित कर दी गई। इससे पहले उप-नेता प्रतिपक्ष और गंगापुर से कांग्रेस विधायक रामकेश मीणा ने डॉ किरोड़ीलाल मीणा की तारीफ करते हुए कई सियासी टिप्पणियां की थी। रामकेश मीणा ने यहां तक कह दिया कि अगर डॉ. किरोड़ीलाल गंगापुर आएं तो मैं सीट खाली कर दूंगा और दूसरी जगह चला जाऊंगा। रामकेश मीणा ने कहा- डॉ किरोड़ी लाल मीणा ने बीजेपी के लिए जितना काम किया, उनकी बीजेपी में जो हैसियत है उसके हिसाब से उनको पद नहीं मिला। उन्हें मुख्यमंत्री होना चाहिए था। हमें उम्मीद थी कि वे राजस्थान के मुख्यमंत्री बनेंगे, मुख्यमंत्री नहीं तो उपमुख्यमंत्री या गृहमंत्री बनेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्हें कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री बनाकर उनके विभागों के टुकड़े कर दिए। उनके खिलाफ यह षड्यंत्र किए जा रहे हैं।
मंत्री के जवाब से नाराज कांग्रेस-विधायकों का सदन से वॉकआउट इससे पहले प्रश्नकाल में प्रदेश में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट्स के काम पूरे होने में देरी से जुड़े सवाल पर यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के जवाब से नाराज कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट किया। यूडीएच मंत्री ने पिछली सरकार के समय हुए टेंडर की खामियां गिनाई। इस पर विपक्षी विधायकों ने आपत्ति की तो स्पीकर ने अगला सवाल पुकार लिया। इसके बाद नाराज कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट किया। संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि खुद के अनुकूल जवाब नहीं आने पर कांग्रेस विधायकों ने वॉकआउट किया, यह निंदनीय है। इससे पहले बसपा विधायक मनोज न्यांगली ने भी आपत्ति करते हुए कहा कि इनके हंगामे, वॉकआउट की वजह हमारा वक्त खराब ​होता है। शिक्षा मंत्री बोले- टीचर के 72 हजार पद भरने की प्रक्रिया जारी प्रदेश के स्कूलों में खाली पदों से जुड़े सवाल पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा- पिछली सरकार ने 6264 स्कूल क्रमोन्नत किए। एक भी नया पद सृजित नहीं किया। अंग्रेजी स्कूल क्रमोन्नत किए, उनमें भी एक नया पद नहीं बनाया। कांग्रेस ने लाखों बच्चों का भविष्य अंधकारमय किया। बच्चों को कक्षा में बैठा दिया, लेकिन पढ़ाने वाला कोई नहीं था। दिलावर ने कहा- हम स्कूलों में खाली पदों को भर रहे हैं। अभी तक 72 हजार पदों को भरने की प्रक्रिया चल रही है। कांग्रेस ने पदों को भरा नहीं। दिलावर के जवाब के दौरान बीच में टोकने पर स्पीकर ने विधायक को फटकार लगाई। स्पीकर ने कहा कि जिन्होंने सवाल लगाया है, पहले वे पूरक सवाल पूछेंगे। किरोड़ी बोले- यूरिया-डीएपी की कमी नहीं कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि यूरिया-डीएपी की कोई कमी नहीं है। इस बार खाद के लिए कई जगह किसानों की लाइनें लगीं, लेकिन उतनी नहीं लगी। कोई अनहोनी नहीं हुई। कहीं लाठीचार्ज नहीं हुआ, जैसा पिछले राज के दौरान हुआ करता था। केंद्र सरकार से हमें मांग के अनुसार यूरिया-डीएपी मिला। कहीं भी कमी नहीं है। डॉ. किरोड़ी ने कहा- कई जगह किसानों की लाइनें लगीं, उसके कुछ कारण थे। एक तो इस बार मानसून लंबा चला और जमीन में लंबे समय तक नमी बनी रही। इससे रकबा बढ़ा और खाद की जरूरत ज्यादा हुई। किरोड़ी ने कहा- पिछले राज में रिटेलर ट्रेडर्स की आदत बिगड़ गई थी। हमने नकली खाद-बीज बेचने और बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। 27 फैक्ट्री सीज की। उन पर अब भी ताले लगे हुए हैं। वहीं, शनिवार को भी विधानसभा चलेगी, जिसमें सरकार के दो साल के कामकाज पर बहस होगी। दो साल बनाम पांच साल पर बहस के बाद कल शाम को सीएम भजनलाल शर्मा जवाब देंगे। … पल-पल की अपडेट के लिए ब्लॉग पढ़िए…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *