किला रायपुर को 4-0 से हराकर हेरां की टीम बनी चैंपियन

भास्कर न्यूज | लुधियाना आर्यन हॉकी क्लब लुधियाना द्वारा स्वर्गीय जगबीर सिंह ग्रेवाल की याद में आर्यन कप हॉकी टूर्नामेंट रविवार को संपन्न हुआ। टूर्नामेंट का फाइनल मैच हेरां और किला रायपुर की टीमों के बीच खेला गया। इसमें हेरां ने किला रायपुर को 4-0 से करारी शिकस्त दी। मैच की शुरुआत से ही हेरां के खिलाड़ियों ने रायपुर की टीम पर दबाव बनानकर रखा। खेल के सातवें मिनट में उधमवीर सिंह ने पेनाल्टी स्ट्रोक से गोल में बदल दिया और टीम का पहला गोल किया। फिर 14वें मिनट में गुरविंदर सिंह ने फील्ड गोल से टीम को दूसरा गोल दिलाया। 21वें मिनट में गुरविंदर सिंह ने एक और फील्ड गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। 29वें मिनट में हेरां के जोबन सिंह ने चौथा गोल करके किला रायपुर की टीम को पूरी तरह दबाव में ला दिया और टीम की जीत को पक्का किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि एग्जाम कंट्रोलर डॉ. विश्वजीत सिंह हंस थे। इस मौके पर पीएसपीसीएल के सीनियर एग्जीक्यूटिव इंजीनियर इंद्रजीत सिंह, दीपिंदर सिंह चहल, सीए रामेश्वर सभरवाल, संजीव खन्ना और सतिंदरपाल सिंह गिल ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफियां और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं इससे पहले टूर्नामेंट के पहले सत्र में तीसरे स्थान के लिए रामपुर और अटियाना की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। इसमें रामपुर की टीम ने 2-0 से जीत हासिल की। रामपुर के हर्षप्रीत सिंह ने खेल के तीसरे मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर से गोल कर टीम को पहला गोल दिलाया। वहीं, 41वें मिनट में अनमोलदीप सिंह ने फील्ड गोल के जरिए रामपुर को जीत दिलाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *