लुधियाना के किला रायपुर ग्रामीण ओलिंपिक में 11 साल बाद बैलगाड़ियों की दौड़ हुई। आज दोपहर 12 बजे कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने उद्घाटन किया। इसके बाद पहले राउंड में 28 बैलगाड़ियों की रेस 7 चरणों में करवाई गई है। हर राउंड की विजेता बैलगाड़ी कल सेकेंड राउंड में हिस्सा लेगी। लोगों ने कहा कि वे 11 साल से इस दौड़ का इंतजार कर रहे थे। इस प्रतियोगिता में करीब 72 बैलगाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। यह दौड़ 19 फरवरी तक तीन दिन चलेगी। वहीं आज रात पंजाबी सिंगर सुखविंदर सुखी परफॉर्म करेंगे। इसके अलावा दिनभर कलाकार अपने करतब दिखाएंगे। विजेताओं को तीन कैटेगरी में इनाम दिए जाएंगे। जिसमें पहले नंबर पर ढाई लाख, दूसरे नंबर पर 1.90 लाख और तीसरे नंबर पर 1.30 लाख रुपए दिए जाएंगे। डीसी ने बताया कि बैलगाड़ियों की दौड़ के अलावा हॉकी, कबड्डी, एथलेटिक्स और अन्य खेलों के मुकाबले भी करवाए जाएंगे। इन खेलों में 5 साल से लेकर 90 साल तक के खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं, जो इस आयोजन को खास और रोमांचक बनाता है। बैलगाड़ी दौड़ से जुड़ीं PHOTOS…. ये हमारा विरासती खेल- मंत्री खुड्डियां कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि पंजाब का ये विरासती खेल है, जो पहले भी किला रायपुर में होता था। पहले की सरकार की ओर से इन्हें रोक दिया गया था। लेकिन पंजाब सरकार ने इन खेलों को दोबारा शुरू करवाया है। क्योंकि ये हमारी विरासत के साथ जुड़ी हुई हैं। आज इनका उद्घाटन करने का विशेष सौभाग्य मुझे मिला है। किला रायपुर के लोगों में आज खुशी की लहर है। लोग बैलों को अपने बच्चों की तरह पालते हैं, लाखों रुपए खर्च करके उन्हें यहां खेलने के लिए लेकर आते हैं और उनकी डाइट व पालन-पोषण का पूरा ख्याल रखते हैं। मैं समस्त गांव वासियों को इसके लिए शुभकामनाएं देता हूं। सुप्रीम कोर्ट ने लगा दी थी रोक सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 2014 में किला रायपुर गेम्स में बैलगाड़ियों की दौड़ बंद कर दी गई थी। बाद में पंजाब सरकार ने विधानसभा में बिल पास कर इस दौड़ को फिर से शुरू करने का रास्ता साफ किया। कमेटी यह दौड़ एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया, पंजाब सरकार और कोर्ट के आदेशों के अनुसार करवा रही है। यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैलगाड़ी दौड़ से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…


