नीमच के प्रसिद्ध श्री किलेश्वर महादेव मंदिर में रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मंदिर समिति द्वारा आयोजित इस महोत्सव में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। 10 क्विंटल फूलों से मंदिर की हुई सजावट मंदिर को भव्य स्वरूप देने के लिए मंदसौर से विशेष रूप से 10 क्विंटल फूल मंगाए गए। इन फूलों से लगभग 7000 मालाएं तैयार कर पूरे परिसर को सजाया गया है। फूलों की सुगंध और आकर्षक विद्युत साज-सज्जा ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। दिल्ली-कोलकाता से मंगाए गए फूलों से हुआ भोलेनाथ का श्रृंगार सुबह भगवान भोलेनाथ का मनमोहक श्रृंगार दिल्ली और कोलकाता से लाए गए विशेष फूलों से किया गया। शाम को संध्याकालीन आरती के समय भगवान शिव का सोने-चांदी के आभूषणों से विशेष शाही श्रृंगार किया जाएगा। भक्तों के लिए 101 क्विंटल साबूदाने की खिचड़ी बनी महाशिवरात्रि के अवसर पर समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा (गंगानगर) की ओरसे मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। भक्तों के लिए 101 क्विंटल साबूदाने की फरियाली खिचड़ी तैयार की गई है, जिसका वितरण दोपहर 1 बजे से देर रात तक जारी रहेगा। भगवान को छप्पन भोग भी अर्पित किया गया। मंदिर में बच्चों के लिए लगा मेला मंदिर परिसर में तीन दिवसीय महारुद्र यज्ञ भी चल रहा है, जिसकी पूर्णाहुति सोमवार को होगी। इसके साथ ही, लगा भव्य मेला भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मेले में बच्चों के लिए झूला-चकरी, खिलौने और खान-पान की विभिन्न स्टॉलें लगाई गई हैं। पाइप से भक्तों ने चढ़ाया जल भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए पाइप के माध्यम से विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि भीड़ के कारण कोई अव्यवस्था न हो। इसके अतिरिक्त, यातायात को सुचारु रखने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।


