किशनगढ़बास में सरकारी अस्पताल के बाहर तेज आवाज में डैक मशीन बजाना एक युवक को महंगा पड़ा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया और डैक मशीन व स्पीकर जब्त कर लिए। थाना किशनगढ़बास के एएसआई ज्ञानचन्द अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। जब पुलिस टीम सरकारी अस्पताल के पास पहुंची, तो खैरथल की ओर से आ रही एक पिकअप का ड्राइवर तेज आवाज में डैक मशीन बजाते हुए गुजर रहा था। अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और राहगीरों को हो रही परेशानी को देखते हुए पुलिस ने वाहन को रोका। पूछताछ में ड्राइवर ने अपना नाम सौकीनखां पुत्र शेर मोहम्मद, निवासी मुसेपुर, थाना जैरोली, जिला भिवाड़ी बताया। वह तेज आवाज में डैक बजाने के लिए कोई अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने पिकअप में रखी डैक मशीन और एक छोटा स्पीकर मौके पर ही जब्त कर लिया गया और आरोपी सौकीनखां को गिरफ्तार कर लिया गया। थाने पहुंचकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मामले की जांच महिला हेड कॉन्स्टेबल रेखा को सौंपी गई है। जब्त किए गए सामान को मालखाने में जमा करा दिया गया है।


