किसानों के खाते में 200.81 करोड़ ट्रांसफर

भास्कर न्यूज | कोरबा जिले के 43 हजार 681 किसानों के खाते में समर्थन मूल्य के 200.81 करोड़ रुपए की अंतर राशि शनिवार को जारी की गई। होली पर्व से पहले किसानों के बैंक खातों में राशि जमा होने से त्योहार की खुशी दोगुनी हो गई है। किसानों के खातों में एकमुश्त भुगतान कार्यक्रम का जिला स्तरीय समारोह सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित किया गया। वहीं बिलासपुर जिले के रहंगी गांव में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल तरीके से कोरबा जिले के हरदीमहुवा, ग्राम देवपहरी के किसान सुखन साय कोरवा से चर्चा कर योजना के लाभ की जानकारी ली। सीएम साय ने खेती की भूमि, उत्पादन और आदान सहायता राशि के उपयोग पर चर्चा की। किसान ने बताया कि राशि का उपयोग वह आवास बनाने में करेगा। जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण से किया। उन्होंने कहा कि होली का पर्व रंग, उमंग और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। इस अवसर पर किसानों के खातों में अंतर राशि का अंतरण उनके लिए दोहरी खुशी लेकर आया है। सरकार ने किसानों के परिश्रम को सम्मान देते हुए उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने का काम किया है। मोदी की गारंटी के तहत किसानों का धान सर्वाधिक समर्थन मूल्य पर खरीदने का संकल्प था, उसे मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *