भास्कर न्यूज| गिरिडीह सहकारिता विभाग पूरे देश में 2025 को सहकारिता वर्ष के रूप में मना रहा है। इसी कड़ी में गिरिडीह जिले के सभी 358 पैक्सों में संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। इसमें पंचायत स्तर के किसानों को पैक्स से मिलने वाले लाभ की जानकारी दी जा रही है। गिरिडीह को-ऑपरेटिव बैंक के मुख्य प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के निर्देश पर यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। संगोष्ठी में किसानों को बताया जा रहा है कि पैक्स से उन्हें जीरो ब्याज पर केसीसी ऋण, खाद, बीज, सरकारी राशन और व्यवसायिक ऋण मिलेगा। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ भी पैक्स के माध्यम से दिया जाएगा। पैक्स किसानों को आवासीय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पैन कार्ड भी बनाकर देगा। पैक्स प्रबंधक घर बैठे सभी सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। को-ऑपरेटिव बैंक के वीसी माइक्रो एटीएम से पंचायतवासियों के घर जाकर बैंक खाता खोला जाएगा। साथ ही पैसे जमा करने और निकालने की सुविधा भी दी जाएगी। जिला सहकारिता पदाधिकारी अश्विनी ओझा ने बताया कि दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले किसानों को सभी सुविधाएं पैक्स के माध्यम से दी जाएंगी। इसके लिए किसानों को 10 रुपये शुल्क देकर पैक्स का सदस्य बनना होगा। तभी वे सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकेंगे। जिले के सभी 358 पैक्स को कंप्यूटरीकृत किया जा रहा है। अब ग्रामीण किसान और स्थानीय लोग पैक्स से ट्रेन और हवाई जहाज के टिकट भी आसानी से ले सकेंगे। पंचायत के किसानों को जागरूक करने के लिए संगोष्ठी और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जा रहा है।


