छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में यूरिया खाद की कमी से किसान आक्रोशित हैं। जैजैपुर तहसील की सेवा सहकारी समिति कचंदा के किसानों को फसल में डालने के लिए यूरिया नहीं मिल रहा है। किसानों ने शुक्रवार सुबह 10 बजे से जैजैपुर-मालखरौदा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इस प्रदर्शन में कचंदा, बेलादुला और करौवाडीह के किसान शामिल हुए। किसान नेता पवन चंद्रा के अनुसार, वे कई बार शासन-प्रशासन से खाद की मांग कर चुके हैं। किसानों ने 21 अगस्त तक यूरिया न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। 19 अगस्त को उन्होंने सक्ती कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा था। समय पर खाद नहीं मिलने से फसलों को नुकसान किसानों का कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने से फसलों को नुकसान होगा। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। चक्काजाम के कारण आवाजाही प्रभावित हुआ है। स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया है। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर तत्काल खाद उपलब्ध नहीं कराया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


