जोधपुर में केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान (काजरी) में प्राकृतिक खेती और श्रीअन्न प्रसंस्करण पर किसान मेला आयोजित किया गया। किसानों को संस्थान की तरफ से किए जा रहे नवाचार का भ्रमण कराया गया। कार्यक्रम में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि रहे। शेखावत ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा- भारत सरकार द्वारा श्रीअन्न के उत्पादन तथा प्रयोग को अत्यधिक महत्त्व दिया जा रहा है। उन्होंने कहा- कृषि वैज्ञानिकों तथा किसानों के प्रयासों से हम अन्न और दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भर हो गए हैं तथा आयातक के बजाय निर्यातक बन गए हैं। काजरी द्वारा किए गए महत्वपूर्ण शोध कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रसंस्करण के क्षेत्र में काजरी को शोध करने की आवश्यकता है। जैविक खेती अपनाने का आह्वान
जीव जंतु कल्याण बोर्ड अध्यक्ष जसवंत सिंह विश्नोई ने कहा- अब किसानों के पास भूमि कम हो रही है। अतः तकनीक का लाभ उठाकर कम भूमि में अधिक आय के लिए प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया। स्मार्ट क्लासरूम का किया उद्घाटन
इस अवसर पर प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। केंद्रीय मंत्री शेखावत और अन्य अतिथियों द्वारा संस्थान में विकसित स्मार्ट क्लासरूम का उद्घाटन किया गया। साथ ही संस्थान में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर संस्थान निदेशक डॉ. सुरेश पाल सिंह तंवर ने संस्थान की अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम संयोजक डॉ. बीएल मंजुनाथ द्वारा सभी आगंतुकों का आभार प्रकट किया गया। कार्यक्रम में जसवंत सिंह विश्नोई, प्रो. (डॉ.) हरप्रीत कौर, प्रो. गोविंद सहाय, अनिता चौधरी और डॉ. जब्बर सिंह सोलंकी आदि भी मौजूद रहे।


