भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ अंचल की समाजसेवी संस्था जागो सेवा संस्थान बंजी ने राष्ट्रीय किसान दिवस पर वयोवृद्ध किसानों का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष परमेश्वर सिंह मरकाम ने कृषकों को जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र एवं छग प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है, जिनका लाभ लेकर किसान भाई अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार कर सकते है। आज किसानों को उनके उपज का अच्छा दाम मिल रहा है। संस्था सचिव नभाग सिंह ने कृषकों को जानकारी देते हुए बतलाया कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की जयंती 23 दिसंबर को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय किसान दिवस के रुप में मनाई जाती है। चौधरी चरण सिंह स्वयं एक किसान थे और कृषि व किसानों के हित में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है। संस्था के कोषाध्यक्ष आनंद भगत और सेवानिवृत्त वरिष्ठ कृषि अधिकारी पुष्कर लाल तिवारी ने भी कृषकों को उन्नत तकनीकी एवं वैज्ञानिक खेती से जुड़कर अपना उत्पादन बढ़ाने का आव्हान किया। कार्यक्रम में उपस्थित वयोवृद्ध महिला कृषक देवकुंवर, सोनकुंवर, आमिर सिंह एवं जीवन सिंह सभी कृषक को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर संस्था ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में जागो संस्था परिवार के अध्यक्ष परमेश्वर सिंह मरकाम, सचिव नभाग सिंह, कोषाध्यक्ष आनंद भगत, सदस्य कन्हैयालाल आदि उपस्थित रहे।