कोतवाली थाना क्षेत्र के तलावड़ा के समीप मंगलवार शाम को बाइक सवार पर फायरिंग के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी हुई है। एसपी राजकुमार चौधरी ने बताया कि फरियादी मोठपुर निवासी गनराज ने मंगलवार को पुलिस को रिपोर्ट दी है। जिसमें बताया कि वह मंगलवार शाम करीब साढ़े 5 बजे बारां मंडी से धान बेचकर बाइक से वापस घर जा रहा था। रास्ते में फोरलेन पर पहुंचने पर एक बाइक पर आए मोठपुर निवासी लक्की पुत्र अमजद, सलमान पुत्र जमाल हुसैन, करवरी कलां निवासी अतु पुत्र कालूलाल ने उसे हाईवे पर रोकने की कोशिश की। फरियादी ने बाइक नहीं रोकी, तो तीनों बदमाशों ने उसका पीछा किया। बदमाशों ने उसे गांव से कुछ दूर पहले ही रोका और जान से मारने की नियत से फरियादी पर फायर कर दिया। पहला फायर लक्की ने देशी कट्टे से किया, जो उसके दाहिने पैर के कूल्हे पर लगा। दूसरा फायर बाइक पर लगा। इसके बाद आरोपी अत्तू ने भी तीसरा फायर किया, जो बाइक के पिछले इंडिकेटर पर जाकर लगा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले के खुलासे ओर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी राजेश चौधरी के सुपरविजन में डीएसपी ओमेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में कोतवाली सीआई के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने फायरिंग के मामले में फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। टीम ने मुखबिरों की सूचना ओर तकनीकी विश्लेषण के आधार पर तीनों आरोपियों रेहान खान उर्फ लक्की, सलमान खान, अतु उर्फ अख्तर को राउंडअप कर गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हथियार आदि को लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है। कार्रवाई के दौरान टीम में सीआई वासुदेव सिंह, एएसआई जमनालाल, हैड कॉन्स्टेबल सत्येंद्र, शाहउद्दीन, मनीष, बलवान, जसवंत सिंह, महावीर, एएसआई परशुराम, पवन कुमार, हरिप्रकाश, ताहिर आदि शामिल रहे।


