राजस्थान सरकार का एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर कृषि ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ। इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी अजमेर से विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। उनकी ऑनलाइन मौजूदगी में लाखों रुपये किसानों को विभिन्न योजनाओं में सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किए। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान व अन्य मौजूद थे। कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक वीरेंद्र सिंह सोलंकी न ने बताया कि किसान सम्मेलन में कृषि विभाग द्वारा निराश्रित पशुओं से बचाव के लिए कांटेदार तारबंदी योजना में जिले में 511 किसानों के खाते में 160.64 लाख रुपये, जल संरक्षण के लिए फार्म पौंड योजना में 298 किसानों के खाते में 197.35 लाख रुपये, सिंचाई पाइप लाइन पर 545 किसानों के खातों में 15.19 लाख रुपये, कृषि यंत्र योजना में 235 किसानों को 21.38 लाख रुपये उनके खातों में ट्रांसफर किए हैं। इसी तरह स्थायी वर्मी बेड संरचना योजना में 14 किसानों के खातों में 7 लाख रुपये, बालिका शिक्षा प्रोत्साहन योजना में 397 बालिकाओं के खातों में 63.35 लाख रुपये ट्रांसफर किए हैं। उद्यान विभाग द्वारा भी किसानों को लाभान्वित किया गया। सूक्ष्म सिंचाई योजना में 352 किसानों के खातों में 54 लाख रुपये, प्रधानमंत्री कुसुम योजना में 864 किसानों को लाभान्वित किया गया। दी सेंट्रल को ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रोहित सिंह ने बताया कि किसान सम्मेलन सहकारिता विभाग की राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना के 4 लाभार्थियों को गोपाल क्रेडिट कार्ड दिए है। साथ ही 5 समितियों को 100 एमटी गोदाम निर्माण का स्वीकृति पत्र दिया गया। इस दौरान जिला प्रमुख सरोज बंसल, जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, सीईओ परशुराम धानका, कृषि एवं उद्यानिकी तथा सहकारिता विभाग के अधिकारी समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। कल सहकारिता मंत्री आएंगे कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत शनिवार सुबह 11 बजे कृषि ऑडिटोरियम में राज्य के सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक जिला विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। साथ ही उसका अवलोकन, स्टॉल निरीक्षण, जिला विकास पुस्तिका का विमोचन करेंगे। महिला सम्मेलन में राजीविका के स्वयं सहायता समूह को रिवॉल्विंग फंड 45 लाख रुपये का चैक, महिला निधि बैंक से स्वयं सहायता समूह को 4.50 करोड़ का ऋण चैक वितरण किए जाएंगे। इसके साथ ही ड्रॉन दीदी का सम्मान, लखपति दीदी को प्रमाण पत्र, लाडो योजना के तहत महिलाओं का सम्मान, पीएम मातृ वंदन योजना के तहत महिलाओं का सम्मान किया जाएगा। बिजली निगम द्वारा महिला लाभार्थियों को इंडक्शन कुकर का वितरण किया जाएगा। इसके बाद सहकारिता मंत्री आमजन को संबोधित करेंगे। साथ ही उदयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन कार्यक्रम के सीधे प्रसारण में शामिल होंगे।


