कीचड़ में स्लिप होकर गिरी बाइक:ऊपर से ट्रक गुजरा तो युवक की मौत,मुआवजे सहित अन्य मांगों को लेकर कल परिजन देंगे धरना

सीकर के उद्योग नगर इलाके में दासा की ढाणी के पास कीचड़ में बाइक स्लिप हो गई। स्लिप होने के बाद बाइक चालक वहीं गिर गया। जिसके ऊपर से ट्रक भी गुजर गया। घटना में युवक की मौत हो गई। शव को सीकर के एसके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजन मुआवजा सहित अन्य मांगों को लेकर कल घटनास्थल पर धरना देंगे। जानकारी के अनुसार मृतक राकेश सैनी (20) पुत्र पुखराज सैनी निवासी पीपली,दादली है। जो गोकुलपुरा की तरफ से शाम 5:15 बजे के करीब पिपराली चौराहे की तरफ जा रहा था। इसी दौरान वहां फाटक के पास पहले कीचड़ में अचानक बाइक स्लिप हो गई। जिससे राकेश वहीं गिर गया। इसके बाद पीछे से आ रहा ट्रक उसके ऊपर से गुजर गया। इसके बाद ट्रक वहां से चला गया। आसपास के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राकेश के परिवार की आर्थिक हालत भी ज्यादा ठीक नहीं है। पिता खेती-बाड़ी और गाड़ी चलाने का काम करते हैं। राकेश खुद फोटोग्राफी का काम करता था। परिजनों का कहना है कि वर्तमान में घटनास्थल पर दासा की ढाणी रेलवे ओवरब्रिज का काम चल रहा है। जिससे आए दिन वहां ऐसे हादसे होते हैं। इसलिए मुआवजे की मांग और ओवरब्रिज का काम कर रहे ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर कल घटनास्थल पर सुबह 9 बजे से धरना दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *