आगर मालवा के सुसनेर क्षेत्र स्थित कीटखेड़ी बांध पर हुए विवाद और गोलीबारी की घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। सोमवार शाम को मैना और रामगढ़ गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण सोयत रोड स्थित पुलिस थाने पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने इस मामले के सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। मछली पकड़ने को लेकर हुआ था खूनी संघर्ष बता दें कि रविवार को कीटखेड़ी बांध पर मछली पकड़ने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि बात लाठी-डंडों से शुरू होकर गोलीबारी तक पहुंच गई। इस संघर्ष में कई लोग घायल हुए थे। पुलिस ने इस मामले में कुल 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब तक दो गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने टीआई अक्षय सिंह बेस को ज्ञापन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि गोलीबारी जैसी गंभीर घटना के बाद भी आरोपियों का बाहर घूमना क्षेत्र के लिए खतरा है। टीआई अक्षय सिंह बेस ने ग्रामीणों को शांत कराते हुए बताया कि मामले में अब तक दो आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाकी फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शांति बनाए रखने की अपील थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से धैर्य रखने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि कानून अपना काम कर रहा है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


