सतना जिले के मझगवां कस्बे के आनंद मोहल्ला में गुरुवार सुबह एक नाबालिग की कुएं में गिरने से मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब वह कुएं से पानी भर रही थी। मृतका की पहचान 17 वर्षीय शिवानी साहू, पिता शंकर साहू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शिवानी अपने घर के पास कुएं से पानी भरने गई थी। भरी बाल्टी खींचते समय अचानक रस्सी टूट गई, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में गिर गई। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने रस्से के सहारे शिवानी को कुएं से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है। यह घटना होली के दूसरे दिन सुबह हुई, जिससे मोहल्ले में शोक का माहौल है।


