भास्कर न्यूज | राउरकेला राउरकेला वन प्रभाग के हातीबारी सेक्शन अंतर्गत गडलुरु गांव के पास कृषि भूमि समीप खुले कुएं में गिरे एक जंगली हाथी को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार मंगलवार तड़के हाथी खेतों के किनारे से गुजर रहा था, तभी वह फिसलकर खुले कुएं में जा गिरा। हाथी की चिंघाड़ सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन अधिकारियों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और सुनियोजित रेस्क्यू अभियान शुरू किया। हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनों की सहायता ली गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद हाथी को बिना किसी गंभीर चोट के सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया गया।


