सागर में सुरखी थाना क्षेत्र के ग्राम गुरैया में लापता नाबालिग का शव कुएं में मिलने के बाद बवाल हो गया। घटना के विरोध में परिवार वालों ने शनिवार शाम नेशनल हाईवे-44 पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इससे हाईवे पर दोनों तरफ करीब 5-5 किमी लंबी वाहनों की लाइन लगी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर लोगों को शांत कराया। लेकिन वह आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कहते रहे। करीब 3 घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा। जानकारी के अनुसार, ग्राम गुरैया में 10-11 फरवरी की रात 16 वर्षीय नाबालिग गायब हुई थी। परिवार वालों ने सुरखी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसी बीच शनिवार को नाबालिग का शव गांव के ही सरकारी कुएं में मिला। शव होने की सूचना पर लोगों की भीड़ जमा हुई। पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं घटना के विरोध में परिवार वालों ने नेशनल हाईवे-44 पर चक्काजाम कर दिया। गुरैया तिगड्डा पर शाम करीब 6.30 बजे सड़क पर शव रखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। समझाइश देकर लोगों को शांत कराया। परिवार वालों का आरोप है कि गांव में रहने वाले दो युवकों ने मिलकर नाबालिग की हत्या की है। शाम 7.30 बजे तक हाईवे पर जाम लगा रहा। पुलिस लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाने की कोशिश में लगी हुई है। नानी के घर रहती थी मृतका
ग्रामीणों की मानें तो मृतका अपनी नानी के घर रहती थी। 10 फरवरी की रात वह घर में मामा-मामी के साथ सोई थी। जिसके बाद देर रात 2 से 5 बजे के बीच वह गायब हो गई थी। परिवार वालों और गांव के लोगों ने काफी तलाश की। लेकिन वह नहीं मिली थी। इसी बीच शनिवार को कुएं में नाबालिग का शव मिला है।


